कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर में ग्राम प्रधान के घर पर रविवार रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। आहट मिलने पर परिजनों ने ललकारा तो बदमाशों ने प्रधान के दो देवरों को सरियों से हमला कर घायल कर दिया और कार से भाग गए। प्रधान के परिजनों ने कार से बदमाशों का पीछा किया।
फर्रुखाबाद में राजेपुर के निकट दोनों कारें पलट गईं। इसमें प्रधान के पांच परिजन घायल हो गए। उन्हें फर्रुखाबाद के प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। एक बदमाश को परिजनों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फर्रुखाबाद की एसओजी और हरपालपुर कोतवाली पुलिस घटना की जांच कर रही है।
आरती सिंह पत्नी श्यामेंद्र सिंह अर्जुनपुर की प्रधान हैं। आरती मायके गईं हैं। रविवार रात डेढ़ बजे बदमाश उनके घर की छत पर पीछे से चढ़े और जीने के रास्ते घर में घुस गए। आरती के कमरे का ताला तोड़कर बेड, अलमारी भी खोल ली। वहां से सामान निकालने लगे, तभी घर के लोग जग गए।
आरती के देवर अरुणेंद्र और चचेरे देवर सुदामा व अरविंद ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने बदमाशों ने सुदामा और अरविंद के सिर में सरिया मार दी और कार से भाग गए। इस पर प्रधान के परिजनों और ग्रामीणों ने कार से बदमाशों का पीछा किया।
फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया खानपुर के पास ग्रामीणों की कार ने बदमाशों की कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें दोनों कारें पलट गईं। एक बदमाश को ग्रामीणों ने दबोच लिया जबकि अन्य फरार हो गए।
कार सवार अर्जुनपुर के रामू पुत्र कैलाश, छोटे पुत्र सुखपाल और गोविंद पुत्र अशोक सुखपाल और गोविंद पुत्र अशोक समेत पांच घायलों को फर्रुखाबाद के प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। हरपालपुर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बदमाशों की कार फर्रुखाबाद जनपद के राजेपुर थाने में खड़ी है। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम विक्रम निवासी फरीदपुर जनपद बरेली बताया है। तहरीर के आधार पर चोरी के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अर्जुनपुर प्रधान आरती के ससुर पीड़ित कैलाश ने बताया कि बदमाश घर से दो घड़ियां, चेन व 10 हजार रुपये ले गए हैं। अन्य सामान बहू के आने पर पता चलेगा। राजेपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि एक कार को कब्जे में लिया है। उसके शीशे टूटे हैं। जांच की जा रही है।