हरदोई। जिले में एसडीएम संडीला समेत 94 कोरोना संक्रमित और मिले हैं। इसके साथ ही जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 3393 पहुंच गई है। एक्टिव केस 765 हैं। जबकि 2575 लोग संक्रमित होने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से अब तक जनपद में 45 मौतें हुइं हैं।
सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक एसडीएम संडीला मनोज कुमार श्रीवास्तव (47) एंटीजन टेस्ट में कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे पहले डीएम अविनाश कुमार, एसडीएम सवायजपुर मनोज सागर व एक अतिरिक्त मजिस्ट्रेट भी कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं।
माधौंगंज विकास खंड के ग्राम काजीपुर में सात लोग संक्रमित पाए गए हैं। शहर के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी अधेड़ (46), वैटगंज निवासी महिला (50), उनके पति (55) भी संक्रमित हैं। शहर के मोहल्ला आजाद नगर निवासी मां-बेटा भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। एचडीएफसी बैंक में तैनात महिला कर्मचारी (30) भी पॉजिटिव है।
पिहानी विकास खंड के महमूदपुर सरैया निवासी एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित मिले हैं। सुरसा विकास खंड के लालपालपुर निवासी एक ही परिवार के नौ लोग पॉजिटिव मिले हैं। जिला सहकारी फेडरेशन के दो कर्मचारी भी संक्रमित मिले हैं। सुरसा विकास खंड के मलिहामऊ निवासी मां-बेटे भी संक्रमित मिले हैं।