अमर उजाला ब्यूरो
पिहानी।
रैंगाई गांव में चाचा के अपहरण की फर्जी कहानी बनाकर पड़ोसियों को फंसाने की साजिश का भंडाफोड़ हो गया है। पुलिस ने अपहृत व्यक्ति को उसी के घर से पकड़ लिया है। इसी आधार पर अदालत के आदेश पर दर्ज हुए अपहरण के इस फर्जी मामले को पुलिस ने एक्सपंज करते हुए फाइनल रिपोर्ट लगा दी है।
रैंगाई गांव निवासी पवन कुमार ने जनवरी में अदालत में प्रार्थनापत्र देकर गांव के ही छुटक्के व भोगियापुर के छुटन्नी, लालता प्रसाद, लालाराम व राधाकृष्ण पर संपत्ति हथियाने के चक्कर में अपने चाचा प्रेमकांत (55) को अपहृत कर लेने का आरोप लगाते हुए व उसकी हत्या की आशंका जताई थी। अदालत ने पुलिस को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस ने दो माह पहले ही पांच के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। विवेचना कर रहे एसआई आरडी रावत ने बताया कि जांच में पता चला कि मुकदमा फर्जी है और अपहृत बताया जा रहा व्यक्ति मानसिक रूप से बीमार है। वह घर के अंदर ही रहता है। विपक्ष के लोगों को रंजिशन फर्जी मुकदमे में फंसाने की साजिश का नतीजा था। संबंधित मुकदमे को स्पंज कर फाइनल रिपोर्ट लगाई जा रही है।
- जांच में झूठी निकली अपहरण की कहानी
- विपक्षियों को रंजिशन फर्जी मुकदमे में फंसाने की साजिश
- अदालत के आदेश पर दर्ज हुए मुकदमे को एक्सपंज कर लगाई गई एफआर