आग से जलकर बर्बाद हुई गन्ने की फसल। संवाद
- फोटो : HARDOI
बेहटा गोकुल। ग्राम लाबी मजरा बिजगवां में सोमवार की सुबह गन्ने के खेत में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। जब तक आग बुझी तब तक नौ किसानों की लगभग 40 बीघा फसल जल चुकी थी।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम लाबी निवासी हनीफ के खेत में इन दिनों गन्ने की फसल है। सोमवार की सुबह लगभग दस बजे अचानक गन्ने की फसल से आग की लपटें उठने लगीं।
आसपास के खेतों में गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूरों ने हनीफ को आग लगने की जानकारी दी। इस पर बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
ग्रामीणों ने बेहटा गोकुल थाने में घटना की जानकारी देने के साथ ही आग बुझाने की कोशिश भी शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन वाहनों और पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई।
आग से हरीफ की छह बीघा, हसीब की दो बीघा, मोबिन की चार बीघा, जागीर की चार बीघा, मोहनलाल की दस बीघा, रामस्वरूप की चार बीघा, शिवाकांत की सात बीघा, राज कुमार की चार बीघा, बड़े की दो बीघा गन्ने की फसल पूरी तरह जल गई।