अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। ट्रेन के महिला कोच में सफर करने वालों के खिलाफ गुरुवार को आरपीएफ ने चेकिंग अभियान चलाया। आरपीएफ ने अप लाइन की ट्रेन संख्या 14909 गुवाहाटी एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान महिला कोच में सफर कर रहे दो दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।
लंबी दूरी की ट्रेनों में महिला कोच की सीट पर कब्जा कर सफर करने वालों के खिलाफ गुरुवार को आरपीएफ ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एसआई पवन कुमार मौर्या की अगुआई में चले इस अभियान में एक्सप्रेस ट्रेन के महिला कोच की तलाशी ली गई। अप लाइन पर न्यू तिनसुकिया से लालगढ़ जाने वाली ट्रेन संख्या 14909 अवध असम एक्सप्रेस (गुवाहाटी एक्सप्रेस) के सुबह 7:10 बजे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ ने महिला कोच में चेकिंग की। चेकिंग के दौरान महिला कोच में यात्रा कर रहे 25 युवकों को हिरासत में लिया गया है। एसआई पवन कुमार मौर्या ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। बताया कि जिनकी जमानत हो जाएगी उन्हें छोड़ दिया जाएगा, अन्य लोगों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
निशक्तजनों के सुविधा के लिए दी ट्राइ साइकिल
हरदोई (ब्यूरो)। डीसीएल शुगर मिल के संयुक्त उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी ने गुरुवार को निशक्त यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन को ट्राइ साइकिल भेंट की। स्टेशन अधीक्षक रामरतन ने बताया कि निशक्त यात्रियों के आवागमन के लिए स्टेशन पर अलग से रैंप का निर्माण करवाया गया है। ट्राइ साइकिल से निशक्तजनों को सुविधा मिलेगी। इस मौके पर डीएससीएल शुगर के जीएम एके चक्रवर्ती, एचआर हेड संजय पांडेय, सेल्स हेड देवेंद्र गोयल, अरविंद गंगवार, नीरज भारद्वाज, रेलवे हेल्थ इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार व बब्लेश कुमार आदि मौजूद रहे।
- महिला कोच में यात्रा करने पर 25 हिरासत में
-आरपीएफ ने गुरुवार सुबह चलाया चेकिंग अभियान
फोटो 12 : आरपीएफ स्टेशन में मौजूद हिरासत में लिए गए यात्री।