हरदोई। साल 2019-20 से 2023-24 तक की लंबित ऑडिट आपत्तियों पर जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। रविवार को लंबित ऑडिट आपत्तियों से जुड़े पंचायत सचिवों के साथ परिपालन की समीक्षा की। ऑडिट परिपालन और चार्ज देने में लापरवाही पर 20 पंचायत सचिवों को विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीपीआरओ ने रविवार को ऑडिट आपत्तियों के परिपालन की समीक्षा बैठक अपने कार्यालय में की, साथ ही वर्चुअल संवाद भी किया। साल 2019-20 से साल 2023-24 तक की लंबित ऑडिट आपत्तियों की परिपालन रिपोर्ट न दिए जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सर्वाधिक लंबित ऑडिट आपत्तियों पर पंचायत सचिव शिवओम वाजपेयी और जितेंद्र गुप्ता सहित करीब 20 पंचायत सचिवों से दो दिन में परिपालन रिपोर्ट तलब की है। वहीं बैठक में गैरहाजिरी और परिपालन रिपोर्ट न देने वाले करीब 80 पंचायत सचिवों को चेतावनी दी है।
बताया कि पंचायत सचिव से सहकारिता विभाग में सहायक विकास अधिकारी के पद पर प्रोन्नति पाए अभिनव मेहरोत्रा और अमित अवस्थी आदि ने अभी तक चार्ज भी नहीं दिया है। ऐसे मामलों में संबंधित सहायक विकास अधिकारी पंचायत को जिम्मेदारी दी गई है कि वह प्रोन्नति पाए पंचायत सचिवों को नोटिस दें। दस दिन के अंदर अभिलेख न देने पर एफआईआर और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कराएं। बताया कि विधानसभा की पंचायतीराज समिति ने सभी ऑडिट आपत्तियों का परिपालन कराए जाने के आदेश दिए हैं। जिसकी रिपोर्ट भी समिति को प्राप्त कराई जानी है।