हरपालपुर (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम इकनौरा में अज्ञात कारणों से लगी आग से करीब बीस किसानों की 80 बीघा गेहूं की फसल जल गई। इकनौरा गांव निवासी बलराम के खेत में दोपहर बाद अचानक आग लग गई। हवा के झोंके से आग ने विकराल रूप धर लिया।
ग्रामीणों ने फायरब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही आग बुझाने के लिए बाल्टियों आदि से पानी फेंकना और मिट्टी डालना शुरू किया। करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने के पहले आग बुझ गई थी। बलराम के अलावा आस पास के किसान रामवीर, वीरपाल, चेतन, श्यामा, कुमार, ओमवीर, राधेश्याम, बृजमोहन, नन्हे, राजेश, अमरेश, राकेश, रणवीर आदि बीस किसानों के खेतों की करीब 80 बीघा फसल जल गई।