हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में बिचौलियों के माध्यम से खेत बेचना वृद्ध को महंगा पड़ गया। बिचौलिए ने खेत ब्रिकी के बाद नया खाता खुलवाकर वृद्ध के खाते से आठ लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी रामविलास सिंह (68) किसान है। रामविलास ने बताया कि उसने बड़ागांव निवासी कुछ लोगों के माध्यम से एक वर्ष पूर्व काजीपुर निवासी सुमन सिंह और अंकिता को तीन बीघा खेत 12 लाख 6 हजार रुपये में बेचा था। पीड़ित ने खेत ब्रिकी की धनराशि दो चेकों के माध्यम से प्राप्त की थी।
एक युवक के कहने पर उसने संडीला की एचडीएफसी बैंक में नया खाता खुलवाकर 9 लाख रुपये जमा किए थे। युवक ने साठगांठ कर एटीएम कार्ड बनवाकर अपने पास रख लिया। इसके बाद एटीएम कार्ड से धीरे-धीरे 8 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित जब जरूरत पड़ने पर पास बुक लेकर बैंक गया तो बैंक कर्मियों ने खाते में 44 हजार रुपये ही बचे होने की बात कही। ये सुनकर पीड़ित के होश उड़ गए। पूछने पर आरोपी ने जानमाल की धमकी दी। एसओ बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित को बुलाकर पूछताछ की जाएगी।