फोटो 23 : निर्माणाधीन प्रतापनगर-माधौगंज मार्ग। संवाद
70 लाख से प्रतापनगर-माधौगंज मार्ग के नवीनीकरण में आएगी तेजी
- प्रतापनगर-माधौगंज मार्ग पर कराया जा रहा है काम
- स्थानीय लोगों के साथ ही नैमिषारण्य आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी होगी सुविधा-सहूलियत
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जल्द ही स्थानीय निवासियों के साथ ही कानुपर, कन्नौज आदि जिलों से नैमिषारण्य आने और जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा और सहूलियत हो जाएगी। प्रतापनगर-माधौगंज मार्ग पर कराए जाने वाले नवीनीकरण के लिए सरकार ने दूसरी किस्त में 70 लाख रुपये दे दिए हैं। रुपये मिल जाने से काम में तेजी आएगी और काम समय से पूरा होने की उम्मीद है। मार्ग के नवीनीकरण से करीब दो लाख से अधिक लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
प्रतापनगर से माधौगंज जाने वाला मार्ग लखनऊ रोड पर बघौली चौराहा पर भी जुड़ता है। बिलग्राम-मल्लावां मार्ग पर माधौगंज और सीतापुर मार्ग पर प्रतापनगर चौराहा को जोड़ने वाले इस मार्ग का स्थानीय लोगों के साथ ही विश्व प्रसिद्ध नैमिषारण्य धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। माधौगंज से प्रतापनगर मार्ग के नवीनीकरण के लिए शासन ने जून 2023 में स्वीकृति दी थी। स्वीकृति के साथ ही काम कराए जाने के लिए 3,82,25,000 रुपये में से करीब 2,89,62,000 रुपये दे भी दिए थे। लोक निर्माण विभाग की ओर से काम शुरू करा दिया गया। काम कराए जाने के साथ ही विभाग ने दूसरी किस्त की भी मांग शासन से की थी। शासन ने लोक निर्माण विभाग की मांग पर 70,00,000 रुपये और दे दिए हैं। जिससे उम्मीद है कि काम में तेजी आएगी और लोगों को आवागमन में सुविधा और सहूलियत होगी।
-
माधौगंज-प्रतापनगर मार्ग पर तेजी से काम कराया जा रहा है। दूसरी किस्त के रुपये शासन की ओर से दिए जाने की जानकारी प्रमुख अभियंता से मिली है। शासन के उप सचिव राजेश प्रताप सिंह ने रुपये दिए जाने का शासनादेश जारी कर दिया है। जल्द ही रुपये मिल जाएंगे। रुपये मिलने से मार्ग के नवीनीकरण को और तेजी के साथ समय से कराया जा सकेगा।
राज कुमार मौर्य
अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग