हरदोई। इस बार काउंसलिंग के दो चरण बढ़ाए जाने के बाद भी बावन रोड स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक में सात सीटें खाली रह गईं। 239 के सापेक्ष 232 पदों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया है। जनवरी में प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा कराई जानी है।
बावन रोड स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक केंद्र में तीन ट्रेडों में 239 छात्रों का प्रवेश होना था। प्रदेश स्तर पर हुई काउंसलिंग के दौरान ही इस बार कम संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। यही कारण रहा कि इस बार 11 चरणों में काउंसलिंग कराई गई। जिसके बाद जिले में कुल 239 पदों के सापेक्ष 232 छात्र पहुंचे जिनको प्रवेश दिलाया गया। इस केंद्र में नामांकन का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
इस संबंध में राजकीय पॉलीटेक्निक केंद्र के प्रधानाचार्य इंद्रजीत सचान ने बताया कि काउंसलिंग के जरिए 29 नवंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जानी थी। जनवरी में प्रथम सेमेस्टर वाले छात्रों की परीक्षा भी प्रस्तावित है।
जिले के केंद्र पर 239 सीटों पर 232 छात्रों ने प्रवेश लिया है जिसके चलते सात पद रिक्त रह गए हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण पूरी करने वाले छात्र ही सेमेस्टर परीक्षा में प्रतिभाग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तिथि अभी तक घोषित नहीं की गई है। तैयारियां समय रहते पूरी की जाएगी। विधिवत परीक्षा कराई जाएगी।