हरदोई। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुभाष पाल की कुर्क की गई गैस एजेंसी के गोदाम से 652 गैस सिलिंडर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर सदर तहसीलदार अनुपम तिवारी ने सुरसा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हैरानी की बात यह है कि सील की गई एजेंसी के रिसीवर एसडीएम सदर हैं, जबकि सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस पर थी।
सात जून 2021 को तत्कालीन जिलाधिकारी ने कांग्रेस नेता सुभाष पाल और उनके भाई सुधीर पाल की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था। इसी क्रम में सुभाष पाल की पत्नी सुनीता पाल के नाम संचालित फतियापुर गैस एजेंसी भी सील कर दी गई थी। गोदाम में उस समय कुल 1163 सिलिंडर थे, जिनमें से 657 भरे और 486 खाली थे।
हाल के दिनों में गोदाम का ताला तोड़कर सिलिंडर चोरी की खबरें आ रही थीं। एफआईआर में संख्या का उल्लेख नहीं है, लेकिन विश्वस्त सूत्रों के अनुसार 652 सिलिंडर गायब हैं। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।