हरदोई। नए वर्ष में जिले की धरा को इस बार 65 लाख पौधरोपण की सौगात मिलने वाली है। निदेशालय की ओर से जिले का लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। पिछले वर्ष के 54 लाख के लक्ष्य को बढ़ाते हुए जनपद में 65 लाख पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है। बहरहाल नया लक्ष्य प्राप्त होने के बाद जिले के वन विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पौधरोपण को लेकर स्थानों का चिह्नीकरण शुरू करा दिया गया है।
गत वर्ष की बात करें तो जनपद में 54 लाख पौधों को रोपित करवाने का लक्ष्य प्राप्त था। शासन की ओर से इस बार पौधरोपण को लेकर भी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। पिछली बार के लक्ष्य को करीब 11 लाख बढ़ाकर भेजा गया है। जिले में वर्ष 2020-21 के मध्य 54 लाख 13 हजार 987 पौधों को रोपित किया गया था। इस बार 2021-22 में 64 लाख 96 हजार 785 पौधों को रोपित करने का लक्ष्य प्रदान किया गया है। अकेले वन विभाग को 1815048 एवं पर्यावरण विभाग को दो लाख एक हजार 672 पौधों को रोपित करने का लक्ष्य प्रदान किया गया है। शासन की ओर से जिले को निर्देश आने के बाद प्रभारी प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विमल कुमार ने भी सरकारी विभागों को लक्ष्यों से अवगत करा दिया है।
रोपण के साथ पौधों को सहेजना भी होगा
हरदोई। शासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि न सिर्फ पौधे रोपित करने का ही लक्ष्य दिया गया है बल्कि लगाए गए पौधों को सहेजने के भी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पौधरोपण अभियान चलाए जाने के लिए पौधरोपण अभियान की मूल इकाई ग्राम पंचायत ही निश्चित की गई है जिसमें निदेशालय द्वारा ग्राम पंचायतों में सामुदायिक स्थानों, नहर, रोड, स्कूल प्रांगण, निजी काश्त आदि की भूमि पर ग्रामीणों की इच्छानुसार पौधरोपण कराया जाना है।
थर्ड पार्टी मॉनीटरिंग इस बार भी
हरदोई। डीएफओ विमल कुमार ने बताया कि शासन की ओर से कराए जाने वाले पौधरोपण की निगरानी भी कराई जाएगी। इसको लेकर थर्ड पार्टी मॉनीटरिंग कराई जाएगी।
जिले को विभागवार मिला यह लक्ष्य
विभाग गत वर्ष लक्ष्य इस बार का लक्ष्य
वन विभाग 1512540 1815048
पर्यावरण विभाग 168060 201672
ग्राम्य विकास विभाग 2280600 2736720
राजस्व विभाग 259600 311520
पंचायती राज विभाग 259600 311520
आवास विकास विभाग 7900 9480
औद्योगिक विकास विभाग 3200 3840
नगर विकास विभाग 29200 35040
लोक निर्माण विभाग 12000 14400
सिंचाई विभाग 12000 14400
रेशम विभाग 18907 22689
कृषि विभाग 437300 524760
पशु पालन विभाग 5500 6600
सहकारिता विभाग 10400 12480
उद्योग विभाग 9400 11280
विद्युत विभाग 4400 5280
माध्यमिक शिक्षा 5200 6240
बेसिक शिक्षा 5200 6240
प्राविधिक शिक्षा 7100 8520
उच्च शिक्षा 27300 32760
श्रम विभाग 3700 4440
स्वास्थ्य विभाग 9500 11400
परिवहन विभाग 3700 4440
रेलवे विभाग 18200 21840
रक्षा विभाग 7900 9480
उद्यान विभाग 287680 345216
पुलिस विभाग 7900 9480