माधौगंज। दो वर्ष पूर्व संदिग्ध हालत में हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। सोमवार को डीएम के आदेश पर तहसीलदार व एसओ शव को कब्र से निकलवाने के लिए गांव पहुंच गए, लेकिन मृतका के पिता मौके पर नहीं पहुंच सके। जिसके चलते शव निकलवाए जाने की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकी।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सेलापुर निवासी शीबा पत्नी सिराजुद्दीन की लगभग दो साल पहले संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पिता इकबाल हुसैन निवासी ग्राम इस्लामपुर थाना कछौना द्वारा पति समेत ससुरालीजनों पर दहेज हत्या करने का आरोप लगाया गया था। इकबाल के मुताबिक शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की थी। जिस पर उसने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने रिपोर्ट दर्ज किए जाने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश व पिता इकबाल की तहरीर पर 25 नवंबर को पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए डीएम ने शव को कब्र से निकलवाए जाने का आदेश दिया है। डीएम के आदेश पर सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत तहसीलदार मूसाराम थारू व एसओ राकेश चंद आनंद कब्र से शव निकलवाए जाने के लिए गांव पहुंच गए। टीम काफी देर तक इंतजार करती रही, लेकिन सूचना देने के बाद भी मृतका के पिता इकबाल मौके पर नहीं पहुंचे। वादी के न आने के कारण शव को कब्र से नहीं निकलवाया जा सका।
एसओ राकेश आनंद ने बताया कि इकबाल को मंगलवार को पुन: आने को कहा गया है। अगर वह आता है तो मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।