माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा की उत्तर
पुस्तिकाओं का 63 फीसदी मूल्यांकन कार्य जिले में पूरा कर लिया गया।
मूल्यांकन के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं में रुपये मिलने से परीक्षकों की
बल्ले बल्ले है। वहीं इंटर के छह विषयों के परीक्षक कम होने से मूल्यांकन
कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
ज्ञात हो कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की
परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन कार्य तीन स्कूलों में चल रहा
है। जीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के
दौरान कई परीक्षकों के पास कापियों में रुपये निकल रहे हैं। मंगलवार को एक
टोली में जहां सौ का तो दूसरे के पास पचास का नोट मिला।
एक टोली में
परीक्षक को पांच सौ रुपये का नोट मिला। इससे परीक्षकों को नाश्ता करने को
मिला। केंद्र पर मंगलवार को 35,539 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य
किया गया। अब तक केंद्र पर 2 लाख 51 हजार 367 उत्तर पुस्तिकाओं का
मूल्यांकन कार्य पूर्ण किया जा चुका है। केंद्र पर इंटर की कापियों का 52
फीसदी कार्य पूरा हुआ।
यहां पर रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह
विज्ञान, भौतिक विज्ञान और कृषि भौतिक विषय के परीक्षकों की कमी है। इस
कारण इन स्कूलों में कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा है। आरआर इंटर कालेज में
हाई स्कूल की 10 हजार 922 कापियों का मंगलवार को मूल्यांकन किया गया।
अब तक
केंद्र पर 1 लाख 9 हजार 510 कापियों का मूल्यांकन कार्य पूर्ण किया जा
चुका है। इधर, एसडी कालेज में मंगलवार को 14,560 कापियों का मूल्यांकन किया
गया। केंद्र पर एक लाख 16 हजार 185 कापियों का मूल्यांकन कार्य पूर्ण हो
चुका है। हाईस्कूल की कापियों का 84 फीसदी मूल्यांकन कार्य पूर्ण हो चुका
है। पूरे जिले में 63 फीसदी मूल्यांकन कार्य पूरा हुआ है।