63.31 percent voting in panchayat by-election
- फोटो : HARDOI
बघौली (हरदोई)। पंचायत उपचुनाव के तहत जिले में सोमवार को 63.31 फीसदी मतदान हुआ है। कछौना के ग्राम बरौली में 62 प्रतिशत, शाहाबाद के महोरा में 67 फीसदी व कोथावां के हर्रेया में 60 फीसदी मतदान हुआ।
बरौली ग्राम पंचायत में रिक्त चल रहे प्रधान पद के लिए सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया पूर्ण की गई। ग्राम पंचायत क्षेत्र में बनाए गए पांच बूथों पर मतदाताओं ने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया। ग्राम पंचायत बरौली में प्रधान का पद पिछले काफी समय से रिक्त चल रहा था। हाल ही में अधिसूचना जारी होने के बाद प्रधान के चुनाव के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। प्रधान पद को लेकर गांव की अनीता मिश्र, अनुज कुमार मिश्रा समेत निवर्तमान प्रधान राजेंद्र गौतम चुनाव मैदान में हैं। सोमवार को बरौली के दो, पाटकुइयां के दो व पहाड़पुर के एक बूथ पर मतदान प्रक्रिया आयोजित की गई। गांव के 2930 मतदाताओं में 70 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। इस दौरान कछौना कोतवाली प्रभारी राय सिंह व बघौली थानाध्यक्ष फूल चंद्र सरोज पुलिस बल के साथ बूथों पर मौजूद रहे व गांव का भ्रमण करते रहे।
गहोरा में 67.38 फीसदी वोटिंग
शाहाबाद। ब्लॉक की ग्राम पंचायत गहोरा में रिक्त चल रहे प्रधान पद के लिए सोमवार को मतदान प्रक्रिया हुई। सुबह से लेकर शाम तक चले मतदान के दौरान 67.38 फीसदी लोगों ने प्रत्याशियों के पक्ष में वोटिंग की।
ग्राम पंचायत गहोरा के प्रधान प्रेमकांत मिश्रा का छह माह पूर्व निधन हो गया था, इसके बाद से प्रधान का पद रिक्त था। हाल में ही अधिसूचना जारी कर नए प्रधान के चुनाव के लिए प्रक्रिया शुरू की गई। सोमवार को गांव के पोलिंग बूथों पर मतदाताओं ने दावेदारी करने वाले चार प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया। आरओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि शाम पांच बजे तक 2456 मतदाताओं में 1655 वोटरों ने वोट डाले। चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान तहसीलदार अवधेश कुमार, सीओ उमाशंकर सिंह व कोतवाल संत प्रसाद उपाध्याय समेत भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद रहा।