बावन। कस्बे में हरदोई रोड पर नो इंट्री के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया।
बावन कस्बा निवासी इशहाक अहमद की जगदीशपुर में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। गुरुवार शाम चार बजे दुकान बंद करने के बाद इशहाक का बेटा रिजवान अहमद (18) साथी दीपू पुत्र रामासरे निवासी कस्बा जगदीशपुर के साथ बाइक से दोस्तों के यहां होली मिलने चला गया। देर शाम रिजवान व दीपू बाइक से घर बावन आ रहे थे। रास्ते में हरदोई रोड स्थित डिग्री कॉलेज के पास नो इंट्री का बैरियर होने के कारण ट्रक खड़े रहते हैं। यहीं खड़े ट्रक में रिजवान की बाइक जा घुसी। हेलमेट न लगाए होने के कारण रिजवान के सिर में गंभीर चोट आई व दीपू भी घायल हो गया। रिजवान व दीपू को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने रिजवान को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि रिजवान चार भाइयों में छोटा था। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया।