हरदोई। ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराए गए बजट के खर्च का ब्योरा साफ्टवेयर में फीड न करने पर डीपीआरओ ने सभी 19 विकास खंडों के एडीओ पंचायत को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
पंचायत राज विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने के लिए बड़े पैमाने पर बजट जारी किया जाता है। इस खर्च का ब्योरा पंचायत राज विभाग के साफ्टवेयर प्रिया साफ्ट पर अपलोड किया जाता है। पंचायत राज विभाग के प्रमुख सचिव ने इस बाबत निर्देश दे रखे हैं कि प्रिया साफ्ट में ऑनलाइन फीडिंग कराए बिना न तो कोई नया कार्य कराया जाए और न ही बजट खर्च किया जाए। इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। 14 मार्च को वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान हुई समीक्षा में पता चला कि चालू वित्तीय वर्ष में प्रिया साफ्ट में फीडिंग भी नहीं कराई जा रही है। डीपीआरओ आलोक कुमार सिन्हा ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिले के सभी सहायक विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने गबन की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।