हरदोई। फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी पाने वाले छह शिक्षकों को विशेष अनुसंधान दल की रिपोर्ट के बाद तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करके वेतन रोक दिया गया है। संबंधित के विरुद्घ एफआईआर भी दर्ज कराने के आदेश भी बीएसए ने जारी किए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीएसए हेमंत राव ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा से बीएड सत्र 2004-05 के फर्जी एवं टेंपर्ड प्रमाण पत्र लगाकर छह लोगों ने परिषदीय विद्यालयों में नौकरी पा ली थी।
विशेष अनुसंधान दल एसआईटी की जांच के बाद जिले में छह शिक्षक फर्जी पाए गए हैं। इनमें प्राथमिक विद्यालय देवनाथपुर बेंहदर में तैनात रहे रवि कुमार सिंह, अहिरोरी के प्राथमिक विद्यालय तकिया कपूरपुर में तैनात रहीं राजवती, हरपालपुर के प्राथमिक विद्यालय प्रतिपालपुर के भुवनेश कुमार, भरावन के उच्च प्राथमिक विद्यालय कौड़िया के रामलखन, हरियावां के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरी के शैलेंद्र सिंह व हरियावां उच्च प्राथमिक विद्यालय उतरा में तैनात रहे अशोक कुमार शामिल हैं। इनके वेतन पर तत्काल रोक लगाते हुए प्राथमिकी संबंधित बीईओ द्वारा दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है। उच्च अधिकारियों को भी जानकारी दे दी गई है।