हरदोई। परिषदीय विद्यालयों को स्वेटर वितरण का सत्यापन कराया जाएगा। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने 57 अधिकारियों को नोडल अफसर बनाते हुए आंवटित गांवों में स्वेटर वितरण का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। सत्यापन आख्या भी 30 दिसंबर तक मांगी गई है।
डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों मेें कक्षा एक से आठ तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित करने के निर्देश दिए गए थे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की आख्या के मुताबिक अधिकांश स्वेटर वितरित कर दिए गए हैं। विद्यार्थियों तक यह स्वेटर पहुंचे या नहीं, का सत्यापन कराने का निर्णय डीएम ने लिया है। भरावन विकास खंड के प्राथमिक विद्यालयों में सत्यापन के लिए तीन, शाहाबाद विकास खंड में चार, हरपालपुर विकास खंड मेें तीन, हरियावां में तीन, कछौना में दो, भरखनी मेें चार, कोथावां मेें दो, अहिरोरी में तीन, माधौगंज में दो, सांडी में तीन, मल्लावां में दो, बिलग्राम में तीन, सुरसा में तीन, संडीला मेें तीन, बेंहदर में तीन, टड़ियावां में तीन, टोडरपुर में तीन, पिहानी मेें तीन, बावन में तीन और नगरक्षेत्र में एक अधिकारी को सत्यापन के लिए लगाया गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग के किसी भी अधिकारी को स्वेटर वितरण के सत्यापन मेें नहीं लगाया गया है। डीएम ने बताया कि सभी नोडल अधिकारी अपनी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव को हर हाल में 30 दिसंबर तक उपलब्ध कराएंगे।