हरदोई। बेनीगंज कोतवाली पुलिस ने स्वॉट और सर्विलांस टीम के साथ अवैध रूप से बिक्री के लिए लाई गई 560 पेटी शराब बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चार वाहनों में भरकर यह शराब खपत कराने की तैयारी थी। इसकी कीमत 20 लाख रुपये है।
शनिवार को पत्रकारों से वार्ता में एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि सर्विलांस प्रभारी राकेश उपाध्याय और स्वॉट टीम प्रभारी अरविंद यादव को सूचना मिली थी कि लखनऊ से अतरौली की तरफ चार वाहनों में गैर प्रांत की शराब लाई जा रही है। इस पर बेनीगंज के कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी को अलर्ट किया गया और वाहनों की जांच शुरू कर दी गई।
शनिवार दोपहर सवा तीन बजे नेवादा पुलिया के निकट चारों वाहनों को रोककर तलाशी ली गई तो इसमें 560 पेटी देसी शराब के अलावा 200 पौव्वे खुले भी मिले। कुल 25600 पौव्वा, 522 रैपर फाइटर ब्रांड, 398 ढक्कन फाइटर ब्रांड, 160 नकली कोड स्टीकर मिले। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में मुकेश अवस्थी पुत्र जुगुल किशोर निवासी मगरा कोतवाली संडीला, प्रेमचंद्र यादव पुत्र गुरुप्रसाद निवासी हबीबपुर थाना काकोरी, हरिओम पुत्र बुद्धीलाल निवासी चक अमावा थाना बंथरा जनपद लखनऊ और केशव यादव पुत्र कमलेश कुमार निवासी बीकामऊ थाना सोरामऊ जनपद उन्नाव शामिल हैं। गैर प्रांत की शराब पर यूपी की शराब के ब्रांड के स्टीकर लगाकर बेच दिया जाता था। शराब में मिलावट भी की जाती थी। एसपी ने बताया कि पूरे मामले में विजय उर्फ छोटू भइया निवासी अलीगंज जनपद लखनऊ की तलाश भी की जा रही है।
शराब माफिया जेपी से जुड़े हैं मुकेश के तार
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि कारोबार को मुकेश अवस्थी की निगरानी में ही संचालित किया जा रहा था। मुकेश अवस्थी को 2017 में भी शराब के अवैध कारोबार में गिरफ्तार किया गया था। जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से अवैध कारोबार मेें संलिप्त हो गया। इसकी जानकारी पुलिस को मिली थी। एसपी ने बताया कि मुकेश अवस्थी के तार शराब माफिया और पिहानी के पूर्व ब्लाक प्रमुख जेपी गुप्ता से जुड़े हैं। जेपी गुप्ता के मकान से भी अभी दो माह पूर्व मिलावटी शराब बरामद हुई थी।