हरदोई। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लापरवाही बरतना नौ खंड विकास अधिकारियों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। डीएम ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी की है। चेतावनी दी है कि स्पष्टीकरण संतोषजनक न हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में द्वितीय किस्त जारी होने के बाद भी निर्माण कार्यों में हीलाहवाली हो रही है। बजट जारी होने के बाद खंड विकास अधिकारी से लेकर ग्राम सचिव तक यह देखने नहीं जाते कि लाभार्थी आवास निर्माण के लिए मिले बजट से कार्य करा रहा है कि नहीं। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने इसे लापरवाही मानते हुए बावन, भरावन, बिलग्राम, हरपालपुर, कोथावां, सांडी, संडीला, शाहाबाद और टोडरपुर के बीडीओ को नोटिस जारी की है। सभी को एक सप्ताह में जवाब देने के निर्देश दिए हैं।