अमर उजाला ब्यूरो
कछौना। कछौना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-लखनऊ मार्ग पर ग्राम त्योरी के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक सवार ससुर और दामाद को टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने से सिर में चोट आने से दोनों की मौके पर मौत हो गई।
कछौना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के रेलवेगंज के निकट रहने वाले अमित गुप्ता उर्फ अनिल (32) पुत्र सूरजलाल सोमवार रात ससुर रामशंकर उर्फ पप्पू गुप्ता (55) निवासी राजा का हाता संडीला के साथ बाइक से वैवाहिक समारोह में जा रहे थे। रामशंकर की ससुराल ग्राम बम्हनाखेड़ा में है। उनके साले मुन्नालाल की पुत्री की शादी थी। रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे अज्ञात वाहन ने ग्राम त्योरी के निकट बाइक सवार अमित और रामशंकर को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर सिर के बल गिर गए। उधर से बघौली थाना क्षेत्र की यूपी 100 की पीआरवी गुजरी। पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अमित के पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद अमित के बड़े भाई श्रवण ने बताया कि वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। दिल्ली में रहकर ड्राइवरी करता था और कुछ दिन पहले ही कछौना आया था। अमित का विवाह सात वर्ष पूर्व रामशंकर की पुत्री सोनम के साथ हुआ था। उसके एक चार वर्षीय पुत्र अनिकेत है। रामशंकर की आटा चक्की संडीला में है।
हादसे में बाइक सवार दामाद-ससुर की मौत
- हरदोई-लखनऊ मार्ग पर हुआ हादसा
- हेलमेट न लगाए होने से सिर में आई चोट