बावन (हरदोई)। गर्रा नदी से सीप निकालकर तस्करी की तैयारी की जा रही थी। पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 51 बोरी सीप बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद की गई सीप को दोबारा गर्रा नदी में छोड़ दिया गया।
सीप की तस्करी बड़े पैमाने पर होती है। गर्रा नदी से सीप निकालकर विभिन्न वाहनों के जरिये संभल और मुरादाबाद भेजा जाता है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह के मुताबिक, सूचना मिली थी कि गर्रा नदी के किनारे सीप एकत्र कर बोरियों में भरी जा रही है और वाहन मंगवाकर इन्हें संभल भेजा जाना है।
इस पर लोनार थानाध्यक्ष विवेक वर्मा व वन दरोगा विपुल कुमार ने टीम के साथ मौके पर दबिश दी। यहां से हयातनगर संभल निवासी रेहान को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 51 बोरी में सीप बरामद की गई। रेहान के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।