हरदोई। गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से जनपद के कई निजी स्कूलों में शिक्षा सत्र 2019-20 में 826 गरीब बच्चों का दाखिला कराया गया। बीएसए शत प्रतिशत मैपिंग कराकर इसका प्रमाण पत्र जल्द उपलब्ध कराएं।
नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत जिलाधिकारी पुलकित खरे ने उक्त दावा गुरुवार को किया। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों की आयु एक अप्रैल 2019 को छह वर्ष से अधिक व सात वर्ष से कम है उनका प्रवेश निजी स्कूलों के कक्षा एक में कराया गया है। जिन बच्चों की आयु तीन वर्ष से अधिक एवं छह वर्ष से कम है उनका प्रवेश पूर्व प्राथमिक कक्षाओं में सुनिश्चित कराया गया है। उन्होंने बताया कि नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत वर्ष 2016-17 में 11, 2017-18 में 106 व वर्ष 2018-19 में 713 गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला कराया गया था। कहा कि इस सत्र में और गरीब बच्चों के मिलने पर उनका भी दाखिला निजी स्कूलों में कराया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि गैर सहायता मान्यता प्राप्त स्कूलों में प्रवेश होने वाले बच्चों की मैपिंग करें और शतप्रतिशत मैपिंग के उपरांत प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं।
826 गरीब बच्चों को मिला निजी स्कूल में प्रवेश
डीएम ने दिए दिशा-निर्देश, बीएसए देंगे प्रमाण पत्र
अमर उजाला ब्यूरो