हरदोई। वित्तीय वर्ष 2017-18 में रॉयल्टी जमा न करने के कारण जनपद के 31 ईंट भट्ठा संचालकों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने आरसी जारी कर दी है। कार्यवाही की जद में पूर्व एमएलसी, पूर्व विधायक और एक पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भी शामिल हैं।
ईंट भट्ठों का संचालन करने के दौरान ईंटों की पथाई के लिए मिट्टी की आवश्यकता होती है। मिट्टी के खनन की रॉयल्टी ईंट-भट्ठे की क्षमता के मुताबिक खनन विभाग में जमा करनी होती है। वर्ष 2017-18 की रॉयल्टी जमा न करने के कारण कई बार ईंट-भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी की गई।
इसके बावजूद 31 ईंट भट्ठा संचालकों ने रॉयल्टी जमा नहीं की। अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख जारी कर इन भट्ठा संचालकों के विरुद्ध आरसी जारी कर दी है। जिन लोगों के खिलाफ आरसी जारी हुई है उनमें विधान परिषद के पूर्व सदस्य अवध कुमार सिंह बागी, शाहाबाद के पूर्व विधायक बाबू खां, कछौना नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास अग्रवाल भी शामिल हैं।
अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व वसूली की तरह रॉयल्टी की वसूली की जाएगी।