सड़क व तालाब किनारे के विद्यालयों में बनेगी चहारदीवारी
अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने आने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर विभाग ने अहम कदम उठाया है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत जिले में संचालित ऐसे सभी विद्यालय जो सड़क व तालाब किनारे हैं, जिनमें चहारदीवारी नहीं है, उनको चिन्हित कर वहां चहारदीवारी बनाई जाएगी। इससे विद्यार्थी विद्यालय परिसर में सुरक्षित रह सकेंगे।
जिले में वर्तमान जिले में 2,833 प्राथमिक और 1,029 जूनियर हाई स्कूल संचालित हैं। इनमें से वर्तमान समय में इनमें सात सौ प्राथमिक और तीन सौ जूनियर हाईस्कूल विद्यालय चहारदीवारी विहीन हैं। शासन की ओर से विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क व तालाब किनारे बने विद्यालयों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए थे। जिससे उनकी चहारदीवारी का निर्माण कराया जा सके। जिले में चिन्हित किए गए सौ विद्यालयों में 57 विद्यालय ऐसे हैं, जिनके आस पास तालाब या पोखर हैं। वहीं 43 विद्यालय ऐसे भी हैं जो मुख्य मार्गों पर संचालित हैं। इन विद्यालयों में चहारदीवारी बनाने के लिए सर्व शिक्षा अभियान की कार्य योजना में शामिल कर बजट के लिए भेजा गया है। कार्ययोजना स्वीकृत होने के बाद इन विद्यालयों में चहारदीवारी के निर्माण कराया जाएगा। सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कार्ययोजना में इन विद्यालयों को शामिल किया गया है। वहीं शासन की ओर से ग्राम पंचायत से विद्यालयों की चहारदीवारी बनाने की भी कार्य योजना तैयार की जा रही है। जिले के हर विद्यालय में चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा।
- जिले के सौ विद्यालय किए गए चिन्हित
- सर्व शिक्षा अभियान की कार्य योजना में किया गया शामिल