हरदोई। छूट पर स्कूटी दिलाने के नाम पर बाइक शोरूम पर काम करने वाले ने एक युवक से 40 हजार रुपये ठग लिए। स्कूटी न मिलने पर रुपये मांगने पर उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया।
पुलिस द्वारा मदद न करने से परेशान होकर पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर गुुहार लगाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ईश्वरीपुरवा निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कौशलपुरी निवासी एक युवक बावन चुंगी स्थित एक बाइक शोरूम में फाइनेंस का काम देखता हैै।
विगत 10 मार्च को युवक उसके घर आया था। उसने स्कूटी पर काफी छूट चलने की बात कही थी। 98 हजार कीमत की स्कूटी पर 15 हजार छूट दिलाने की आश्वासन दिया था। युवक ने स्कूटी बुक कराने के लिए 40 हजार रुपये ले लिए थे।
आरोपी उसे आए दिन स्कूटी दिलाने के लिए टरका रहा था। रुपये वापस मांगने पर देने से इनकार कर रहा है। आरोप है कि 29 मार्च को आरोपी उसे घंटाघर मार्ग पर मिला तो उसने अपने रुपये मांगे।
जिस पर आरोपी ने गालीगलौज कर लात घूंसों से पिटाई कर दी थी। पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर डॉक्टरी परीक्षण कराया था, लेकिन पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर मदद की गुहार लगाई।