बिलग्राम। क्षेत्र के बिरौरी व गुजरई गांव की सीमा पर स्थित खेतों में गेहूं की फसल में रविवार दोपहर आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
रविवार दोपहर बिरौरी व गुजरई गांव की सीमा पर स्थित खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। फसल जलती देख आसपास के खेतों में मौजूद लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ आग बुझाने की कोशिश की।
आधा घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई, लेकिन तब तक बिरौरी गांव निवासी ओम नारायन, गोविंद नारायन, शिव कुमार, मनोरमा, अशोक कुमार, अरुण कुमार, सुशील, सतीश व वीरेंद्र की 26 बीघा और गुजरई गांव निवासी असलम की छह बीघा, इरफान व हसनूर की 4-4 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। लेखपाल सर्वेश कुमार ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का आकलन किया। लेखपाल ने बताया कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।