हरपालपुर। पैतृक संपत्ति में हिस्सा न देने का आरोप लगा हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खसौरा निवासी युवक नेवादा चौगवां स्थित प्राथमिक विद्यालय की छत पर चढ़ गया। कारण पूछने वालों पर उसने पथराव कर दिया। पुलिस काफी मशक्कत के बाद उसे छत से उतरवा सकी और कोतवाली ले आई।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के खसौरा निवासी नीरज (30) पुत्र शिवरतन दिल्ली में प्राइवेट फैक्टरी में काम करता था। छह दिन पहले वह वापस गांव आया था। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार को उसका विवाद छोटे भाई मौजीलाल से हो गया। घटना में मौजीलाल का सिर फट गया था। रविवार दोपहर नीरज पिता से पैतृक संपत्ति में हिस्सा देने की मांग करने लगा।
इसके बाद नाराज होकर घर से चला गया और गांव से दो किलोमीटर दूर नेवादा चौगवां के प्राथमिक विद्यालय की छत पर चढ़ गया। ग्रामीणों पर भी उसने ईंट-पत्थर चला दिए तो सूचना यूपी 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम नीरज को नीचे नहीं उतार सकी तो फिर कोतवाली से पुलिस बल मंगवाया गया। पुलिस जीप के चालक सिपाही श्रवण के हाथ में भी नीरज ने सरिया मार दी। मामूली रूप से सिपाही चुटहिल हुआ है। कोतवाल भगवान चंद्र वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।