हरदोई। जिले में कुछ दिन में बढ़े कोरोना मरीजों के बीच सोमवार रात प्रशासन के लिए थोड़ी राहत भरी खबर आई। 11 मई को पॉजिटिव मिले जिले के चार युवकों ने 15 दिन में कोरोना से जंग जीत ली। लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अब इन्हें स्वस्थ घोषित कर सात दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमित 37 लोगों में छह स्वस्थ हो चुके हैं। 31 एक्टिव केस बचे हैं।
बिलग्राम तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दिवारी निवासी 20 वर्षीय युवक ने महाराष्ट्र से लौटकर अपने गांव आने से पहले नौ मई को कन्नौज के जिला अस्पताल में कोरोना की जांच के लिए नमूना दिया था। 11 मई को आई रिपोर्ट में वह पॉजिटिव मिला था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे लखनऊ के बक्शी का तालाब में बने कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया था।
लगातार दो टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सोमवार देर रात उसे स्वस्थ घोषित कर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसी तरह ग्राम पंचायत मटियामऊ के मजरा बंदीपुर निवासी युवक (23) ने भी महाराष्ट्र से वापस आने पर कन्नौज के जिला अस्पताल में नौ मई को कोरोना की जांच कराई थी। 11 मई को रिपोर्ट आने पर वह संक्रमित मिला था।
उसे भी लखनऊ बक्शी का तालाब स्थित कोविड-19 अस्पताल भेजा गया था। वह भी स्वस्थ होकर सोमवार देर रात घर पहुंच गया। वहीं गुजरात के वापी में स्टील फैक्टरी में पॉलिश का काम करने वाले शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला अल्लाहपुर सैयदीखेल निवासी युवक (20) और एक और युवक (35) का भी टेस्ट जिला अस्पताल हरदोई में हुआ था। 11 मई की देर रात आई रिपोर्ट में दोनों पॉजिटिव मिले थे। इन दोनों की भी दो रिपोर्ट निगेटिव आने पर लखनऊ स्थित अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दोनों को घर भेज दिया गया। एहतियातन चारों युवक घरों में सात दिन क्वारंटीन रहेंगे।