हरदोई। जनपद में कोरोना संक्रमित चार और युवा स्वस्थ हो गए हैं। लगातार दो जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इन चारों युवाओं को सोमवार को मलिहामऊ के कोविड-19 अस्पताल से घर भेज दिया गया। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डा. प्रशांत रंजन की मौजूदगी में युवाओं की हौसला आफजाई करते हुए पुष्प वर्षा भी की गई। अब जनपद में कोरोना के 34 एक्टिव केस हैं।
बीती 17 मई को कोरोना पॉजिटिव पाए गए शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला गिगियानी निवासी 25 वर्षीय युवक और पाली थाना क्षेत्र के ग्राम असमधा निवासी 20 वर्षीय युवक का उपचार कुछ दिनों तक बावन के कोविड-19 अस्पताल में हुआ था और इसके बाद इन्हें मलिहामऊ में बनाए गए कोविड-19 अस्पताल भेज दिया गया था। रविवार रात इनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आने पर इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इसी तरह 19 मई को मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सराय गौरी निवासी 28 वर्षीय युवक को कोरोना पॉजिटिव था। उसे भी पहले बावन और फिर मलिहामऊ के कोविड-19 अस्पताल में रखा गया था। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम भरावन निवासी 21 वर्षीय युवक को कोरोना पॉजिटिव 20 मई को पाया गया था। दोनों की रिपोर्ट रविवार रात निगेटिव आ गई।
डिप्टी सीएमओ डा. प्रशांत रंजन की देखरेख में मलिहामऊ के कोविड-19 अस्पताल से उक्त चारों को एंबुलेंस से इनके घरों को भेज दिया गया। इस दौरान सुरसा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. हेमंत राजपूत, मलिहामऊ कोविड-19 अस्पताल के प्रभारी डॉ. अंकुर, वरुण आदि ने चारों युवकों पर पुष्पवर्षा कर और ताली बजाकर उत्साहवर्धन करते हुए रवाना किया। डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि उक्त चारों युवक अपने घरों में सात दिनों के लिए क्वारंटीन रहेंगे।
सुखद : औसतन 12 दिन में स्वस्थ हो रहे कोरोना के मरीज
हरदोई। जनपद में कोरोना के मरीज औसतन 12 दिन में ठीक हो रहे हैं। बेशक यह सुखद है, लेकिन जागरुकता बेहद आवश्यक है। जिले में कोरोना से संक्रमित पाए गए मरीजों ने कोरोना को हराने में 10 से 14 दिन ही लगाए। जिले में कोरोना का पहला मामला दो अप्रैल को आया था, लेकिन इस युवक ने महज 10 दिनों में ही कोरोना को हरा दिया था। इसी तरह नौ अप्रैल को जनपद में कोरोना पॉजिटिव का दूसरा मामला आया था। बिलग्राम निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति ने महज नौ दिन में ही कोरोना को मात दे दी थी। 11 मई को पॉजिटिव पाए गए चार युवाओं ने भी महज 14 दिनों में कोरोना को हरा दिया था। इसी तरह कोरोना से पीड़ित नौ लोगों की रिपोर्ट 29 मई को निगेटिव आ गई थी। इनमें सात लोग 16 मई को पॉजिटिव पाए गए थे, जबकि दो लोग 17 मई को पॉजिटिव मिले थे। कोरोना संक्रमित जिन चार लोगों की रिपोर्ट रविवार रात निगेटिव आई है उनमें से मल्लावां कोतवाली क्षेत्र का निवासी युवक 19 मई को, अतरौली थाना क्षेत्र का निवासी युवक 20 मई को और शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र व पाली थाना क्षेत्र के एक-एक युवक 17 मई को पॉजिटिव मिले थे। जनपद में अब तक 19 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।