हरदोई। पांच दिन पूर्व सांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे में सराफ को गोली मारकर बैग लूटने की घटना में पुलिस ने नामजद आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
12 अक्टूबर की सुबह सांडी कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी शील गुप्ता उर्फ शीलू पुत्र ओम प्रकाश गुप्ता मंदिर में पूजा करने जाते समय गोली लगने से घायल हो गए थे। हमलावर उनसे बैग छीनकर फरार हो गए थे। बैग में 17 हजार रुपये, एटीएम कार्ड, दुकान की चाबी, पैनकार्ड, पासबुक भी थी। शीलू ने अच्छू पाठक उर्फ विशाल पुत्र रजनीश पाठक निवासी नौशहरा थाना सांडी को नामजद कर तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले का खुलासा करने के लिए एसपी अनुराग वत्स ने चार टीमें गठित की थीं।
शुक्रवार को एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि सांडी थानाध्यक्ष अनिल सक्सेना ने अच्छू पाठक, शेखर रावत पुत्र शिव शंकर निवासी ग्राम भटपुरी थाना सांडी, सूरज उर्फ अमित प्रताप सिंह पुत्र प्रमोद सिंह निवासी बसेरिया थाना पाली और मन्नू शुक्ला उर्फ श्रीकांत पुत्र संतोष कुमार निवासी सिघनपुर थाना कबरई जनपद महोबा को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से दस हजार रुपये व अभिलेख बरामद कर लिए गए। तीन तमंचे, चार कारतूस और दो खोखे भी मिले हैं। एक चाकू और घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद हुई है। खुलासा करने वाली टीम में सांडी थानाध्यक्ष अनिल सक्सेना, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, लाल बहादुर सिंह, रजनीश त्रिपाठी, दीवान मुन्नालाल मिश्रा, सिपाही जयपाल, प्रदीप यादव और आशीष यादव शामिल रहे। एसपी ने बताया कि चारों को जेल भेज दिया गया है। इनके एक और साथी की तलाश की जा रही है।
गोली मारने के बाद महोबा में ली थी शरण
पुलिस महकमे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक सराफ शीलू गुप्ता की रेकी सांडी थाना क्षेत्र के भटपुरी निवासी शेखर रावत ने की थी। उसने अच्छू पाठक को बताया था कि शीलू हर रोज दुकान जाने से पहले बाबा कमलेश्वरनाथ मंदिर जाते हैं और इस दौरान उसका बैग साथ में ही रहता है। घटना को अंजाम देने के बाद अच्छू पाठक परिचित के यहां महोबा गया था।
15 लाख के लिए वारदात, बैग में निकले 17 हजार रुपये
रेकी करने वाले शेखर रावत ने अच्छू पाठक को बताया था कि शीलू गुप्ता बड़ा व्यापारी है। घर से दुकान जाने के लिए निकलते समय उसके बैग में लगभग 15 लाख रुपये होते हैं। अच्छू पाठक ने 15 लाख रुपये लूटने के उद्देश्य से ही शील गुप्ता को निशाना बनाया था, लेकिन वारदात को अंजाम देने के बाद इन लोगों को पता चला कि बैग में 17 हजार रुपये ही हैं।
अच्छू पर दर्ज हैं आठ मामले
एसपी अनुराग वत्स के मुताबिक अच्छू पाठक पर सांडी थाने में ही आठ मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट के तीन मामले समेत कई अन्य गंभीर धाराओं के मामले भी शामिल हैं।