हरदोई। पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों का रिहर्सल आज सुबह से किया जाएगा। परीक्षा की तैयारियां पूरी किए जाने का दावा पुलिस और प्रशासन का है, लेकिन अगर रिहर्सल के दौरान कोई खामी मिलेगी तो उसे तत्काल दुरुस्त किया जाएगा। पुलिस भर्ती परीक्षा जनपद में 11 केंद्रों पर 23 से 25 अगस्त और 30 व 31 अगस्त को होगी। जनपद में पांच दिन की दस पालियों में 39360 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 3936 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां कई दिनों से चल रही हैं। पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र जनपद में आ चुके हैं और इन्हें डबल लॉक में रखवा दिया गया है। प्रश्न पत्र रखे जाने से लेकर आगे तक की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई है। 11 परीक्षा केंद्रों पर कैमरे लगवाए गए हैं और इनकी ऑनलाइन निगरानी करने के लिए पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम बनाया गया है। पुलिस भर्ती परीक्षा पर शासन से भी सीधी निगाह रहेगी और लखनऊ में स्थित कंट्रोल रूम से भी सभी परीक्षा केंद्र जोड़े गए हैं। पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अफसर तैयारियां कर रहे हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर भी ड्यूटी लगा दी गई है। न सिर्फ प्रशासनिक अफसरों की बल्कि पुलिस अफसरों की भी ड्यूटी लगी है। आज पुलिस परीक्षा की तैयारियों का रिहर्सल भी सुबह नौ बजे से होगा।
संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य होंगे केंद्र व्यवस्थापक
सभी परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य और प्राचार्याें को ही केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रों पर पुलिस की ओर से भी केंद्र प्रभारी नामित किए गए है। दो केंद्रों पर निरीक्षक स्तर के और नौ केंद्रों पर उपनिरीक्षक स्तर के पुलिस कर्मी केंद्र प्रभारी बनाए गए हैं। सुबह की पाली की परीक्षा 10 से 12 बजे के बीच होगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर में तीन से पांच बजे के बीच होगी। हर परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, भी तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।