हरदोई। बाइक से मां के साथ जा रहे भाई-बहन को ट्रक ने टक्कर मार दी। सीतापुर रोड पर देहात कोतवाली से कुछ ही दूरी पर हुई घटना में मां की मौत हो गई। भाई-बहन को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला।
बघौली थाना क्षेत्र के शेहापार गांव निवासी राधी (50) का करीब 10 दिन पहले शहर के लखनऊ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। शुक्रवार को राधी अपने पुत्र दीपक (24) और पुत्री ममता (18) के साथ चिकित्सक को दिखाने अस्पताल गई थीं।
अस्पताल से वापस घर जाते समय सीतापुर रोड पर देहात कोतवाली के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों लोग घिसटते हुए दूर जा गिरे। घटना में राधी की मौके पर ही मौत हो गई। दीपक और ममता का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।