फोटो 27 : संडीला के वार्ड संख्या-6 में क्षतिग्रस्त सड़क। संवाद
- डीएम ने दी मंजूरी, मार्ग और नाला निर्माण को दी गई प्राथमिकता
- 15वें वित्त आयोग से कराए जाएंगे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
संडीला। नगर में जल्द ही लोगों को क्षतिग्रस्त मार्गों और जलभराव की समस्या से छुटकारा मिलेगा। 15वें वित्त आयोग की मद के 6.71 करोड़ रुपये से 32 काम कराए जाएंगे। डीएम एमपी सिंह ने नगर पालिका परिषद की कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है।
नगर पालिका परिषद की ओर से विकास कार्यों को कराए जाने के लिए 15वें वित्त आयोग की मद से 6.71 करोड़ की मंजूरी मिलने से अब जल्द ही काम कराए जाने की आस जाग गई है। डीएम की ओर से कार्ययोजना को दी गई मंजूरी में 32 कार्य शामिल हैं।
कार्ययोजना में नौ आरसीसी नाले और 19 आरसीसी मार्ग शामिल हैं। इन कार्यों पर 6,71,80,411 रुपये खर्च किए जाएंगे। आरसीसी नालों के निर्माण से जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। मार्गों के निर्माण से लोगों को क्षतिग्रस्त मार्गों से छुटकारा मिलेगा और आवागमन में सुविधा व सहूलियत होगी। अधिशासी अधिकारी विजेता गुप्ता ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही काम कराए जाएंगे।