हरदोई। जिले में सोमवार से गेहूं की खरीद शुरू हो गई है। हालांकि पहले दिन खरीद का खाता नहीं खुल सका। अफसरों का कहना है कि सभी केंद्र क्रियाशील करा दिए गए हैं। बाजार में गेहूं की आवक शुरू होते ही केंद्रों पर खरीद शुरू की जाएगी।
शासन की ओर से जिले को इस बार एक लाख 46 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य पूर्ति के लिए सात एजेंसियों के 77 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। सोमवार को विपणन विभाग समेत सभी एजेंसियों के अधिकारी सुबह से ही केंद्रों पर जरूरी संसाधन जुटाने व केंद्रों को क्रियाशील कराने की जद्दोजहद में जुटे रहे। पहले दिन जिले भर में एक भी केंद्र पर खरीद की बोहनी नहीं हो सकी। अधिकारियों का कहना है कि अभी बाजार में नया गेहूं आना शुरू नहीं हुआ है। दो चार दिन में बाजार में नया गेहूं आ जाएगा। इसके बाद क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू हो जाएगी। खाद्य एवं विपणन अधिकारी अनुराग पांडे ने बताया कि सभी केंद्र क्रियाशील करा दिए गए हैं। केंद्र पर आने वाले सभी किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा।
एजेंसी केंद्र
1. विपणन 12
2. पीसीएफ 51
3. एग्रो 2
4. केकेएन 3
5. एफसीआई 1
6. एफपीओ 3
7. एसएफसी 5