माधौगंज। विधायक आशीष सिंह आशू ने बुधवार को ग्राम दौलतपुर पहुंचकर आर्थिक तंगी से परेशान चल रहे हादसे के शिकार सर्वेश और उसके परिजनों से मुलाकात की। विधायक ने पीड़ित को आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड सौंपा।
दौलतपुर निवासी सर्वेश 20 अप्रैल को ग्राम बिराइचमऊ स्थित ससुराल गया था। जहां छत से गिरकर उसकी कमर की हड्डी टूट गई थी। हादसे के बाद पत्नी प्रीती ने सर्वेश का इलाज कराने के लिए 10 बिसवा खेत भी 30 हजार रुपये में गिरवी रख दिया है। चिकित्सकों ने सर्वेश का ऑपरेशन किए जाने की बात कही, जिसमें बड़ी रकम खर्च होनी है। मामला संज्ञान में आने के बाद बुधवार को विधायक आशीष सिंह आशू ने दौलतपुर पहुंचकर सर्वेश व उसकी पत्नी प्रीती से मुलाकात की। विधायक ने सर्वेश के इलाज में हर संभव मदद दिए जाने का आश्वासन दिया। उसे आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड सौंपा। बताया कि सर्वेश इस कार्ड के जरिये अच्छे हॉस्पिटल में पांच लाख रुपये तक का इलाज करा सकता है।