अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। पंजाब मेल में दोस्तों से बिछड़े सात वर्षीय बालक को हरदोई स्टेशन पर उतारा गया और चाइल्ड केयर यूनिट के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी ने बालक के परिजनों को भी सूचना दी है।
यात्रियों की सूचना पर शनिवार की रात लखनऊ की ओर से आ रही पंजाब मेल से जीआरपी ने एक सात वर्षीय बालक को उतारा। उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ ट्रेन में सवार हुआ था। उसके साथी उतर गए और वह ट्रेन में रह गया। उसने बताया कि वह जनपद रायबरेली के थाना बछरावां के ग्राम पश्चिम गांव का रहने वाला है और उसका नाम अर्जुन और पिता का नाम राकेश है। इस पर जीआरपी ने रायबरेली के थाना बछरावां पुलिस को उसके विषय में सूचना दी और उसको चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।
जीआरपी ने चिकित्सीय परीक्षण कराकर बच्चे को चाइल्ड केयर यूनिट के सदस्यों के हवाले कर दिया। जीआरपी प्रभारी योगेंद्र ने बताया कि बच्चे के परिजनों के पास सूचना दे दी गई है। उसके माता-पिता नहीं है। वह अपने बड़े भाई के पास रहता था और गांव के अन्य बच्चों के साथ ट्रेन में यात्रियों से भीख मांगने के लिए चढ़ा था।
-दोस्तों के साथ ट्रेन में चढ़ गया था बालक
-यात्रियों की सूचना पर जीआरपी ने बालक उतारा