हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में ऊंचा थोक में कंडे भरे कमरे में लगी आग से हड़कंप मच गया। फायर बिग्रेड कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। एक बड़ा हादसा बच गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ऊंचा थोक में श्रीपाल वर्मा सपरिवार रहते हैं। वह सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके मकान के तीसरी मंजिल पर बने कमरे में कंडे और लकड़ियां भरी हैं । वहां पर बर्र का छत्ता है। परिवार के सदस्यों को ईंधन निकालने में समस्या हो रही थी। इस पर रविवार की सुबह उन्होंने बर्र भगाने के लिए कंडे में आग लगा कर रख दी कि उसके धुएं से बर्र भाग जाएं। हवा से एक कंडे से अन्य कंडों में आग लग गई और पूरे कमरे में फैल गई। उनकी पुत्रवधू छत पर गई तो उसने आग लगी देखी तो शोर मचाया।
घरवालों ने आग बुझाने की कोशिश की पर नाकाम रहे। इस पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। श्रीपाल वर्मा ने बताया कि कमरे में सिर्फ कंडे आदि थे, जो जल गए। इसके साथ ही कमरे के पास रखी पानी की टंकी भी जल गई। अन्य कोई नुकसान नहीं हुआ। फायर कर्मियों के मौके पर पहुंचने से एक बड़ा हादसा बच गया।
-फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाई
अमर उजाला ब्यूरो