बैंक हड़ताल के दूसरे दिन शनिवार को भी राष्ट्रीयकृत बैंकों का कामकाज पूरी तरह ठप रहा। 150 बैंक शाखाओं में ताला लटकने से दो दिनों में करीब 300 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ। करीब एक लाख से अधिक ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के तत्वावधान में बैंक हड़ताल की जा रही है। हड़ताल के दूसरे दिन शनिवार की शुरुआत प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संजय सिंह को देकर की गई।
स्थानीय इकाई के चेयरमैन मनोज सिंह, संयोजक आरके पांडेय, क्षितिज पाठक, अजय मेहरोत्रा, अनूप सिंह ने ज्ञापन में कहा कि वेतन पुनरीक्षण को लेकर बैंक मैनेजमेंट का वर्तमान प्रस्ताव अपर्याप्त है और उनकी हठधर्मिता से बैंककर्मियों में निराशा और आक्रोश है। प्रधानमंत्री व्यक्तिगत हस्तक्षेप करें और मांगंों के अनुरूप हल निकालने को कहें।
इसके बाद यूनियन पदाधिकारी व बैंककर्मी स्टेट बैंक की स्टेशन रोड स्थित मुख्य शाखा पर एकत्र हुए। करीब दो घंटे जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकरियों को बैंक अधिकारी संगठन की नेता रुपाली शर्मा, आदर्श बाजपेयी, केनरा बैंक के एसपी यादव ने संबोधित किया। बैंककर्मियों ने शहर की बैंक शाखाओं पर जा जाकर हड़ताल का जायजा लिया।
जहां भी बैंकों का शटर खुला देखा, उसे बंद कराया गया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने दूसरे दिन की हड़ताल को सफल बताया। हड़ताल में भारतीय स्टेट बैंक, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, सिंडीकेट बैंक, यूको बैंक, कारपोरेशन बैंक, आंध्रा बैंक, इंडियन बैंक, इलाहाबाद बैंक, ओरियन्टल बैंक सहित करीब 150 शाखाओं में हड़ताल प्रभावी रही। इनके शटर तक न खुल सके।
दूसरे दिन भी बैंक हड़ताल के चलते 150 करोड़ का बैंकिंग लेनदेन नहीं हो सका। दो दिनों में 300 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ जबकि बैंकों पर ताला लटके रहने से करीब एक लाख से अधिक ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्राहकों को बैंक से एटीएम तक के चक्कर लगाने पड़े। प्रदर्शनकारियों में प्रमुख रूप से वर्षा मेहरोत्रा, अनामिका सिंह, प्रिया रस्तोगी, मालती देवी, अनुज सिंह, वरुण सिंह, दीपक वाजपेई, सुशील कुमार, प्रकाश दुबे, सुनील वर्मा, विशाल, अजातशत्रु, श्याम मोहन, अनादि ब्रम्ह, संदीप पटेल, अनिल शामिल रहे।
बैंकों की हड़ताल से आर्यावर्त ग्रामीण बैंक, जिला सहकारी बैंक, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, एक्सिस व आईडीबीआई बैंकें बाहर रहीं।
दो दिन की हड़ताल के बाद तीसरा दिन साप्ताहिक अवकाश रविवार होने के कारण बैंकों का कामकाज बंद रहेगा। अब सोमवार को ही बैंकें खुल पाएंगी।