हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के अलीशेरपुर गांव में मंगलवार को चूल्हे से निकली चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। इससे भड़की आग की चपेट में आकर गांव के 29 लोगों की गृहस्थी का सामान जल गया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आकर दो महिला झुलस गईं और बकरी जिंदा जल गई।
अरवल थाना क्षेत्र के अलीशेरपुरवा में मंगलवार सुबह करीब दस बजे महमूद के घर में चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर में पहुुंच गई। इससे आग भड़क उठी। महमूद के परिजनों ने शोर मचाया और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। ग्रामीण बाल्टियों आदि से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तेज हवा के कारण आग ने आस-पास के घरों को भी चपेट में ले लिया।
इस दौरान सूचना पर दमकल की गाड़ियां पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आकर धर्मवीर की पत्नी श्यामादेवी (40) और हसीना (35) पत्नी रहीस झुलस गईं। जबकि मुन्नू लाल का बकरा जिंदा जल गया।
करीब तीन घंटे में आग की चपेट में आकर महमूद के अलावा जमालुददीन, आलमवीर, जहांगीर, अलीशेर, राजेन्द्र, बृजेश, रामवीर, जयराम, बिमलेश, मंगू, सुनील, सरोज, मनोज, आमोद, भूरा, मुन्नू, मदनपाल, हेमचन्द्र, रामचन्द्र, किशनपाल, जीतू, इन्द्रपाल, राजीव, रनवीर, लल्लन, इसरार, संजीत के घरों की गृहस्थी का सामान जल गया। सूचना पर हल्का लेखपाल रामगोपाल ने गांव पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आंकलन किया।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के सुमरेपुर गांव निवासी भगौतीप्रसाद के घर के छप्पर में मंगलवार दोपहर आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता आग ने पड़ोसी अरुण कुमार के अहाते में पड़े छप्पर को चपेट में ले लिया। इसके चलते छप्पर के नीचे बंधी भैंस का बच्चा भी झुलस गया। इसके साथ ही आग बुझाने के प्रयास में राजकुमार भी मामूली तौर से झुलस गया। गांव निवासी त्रिलोकी सिंह ने आग से गृहस्थी का सामान जलने की सूचना राजस्वकर्मियों को दी है।
सवायजपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्र के गांवो में मंगलवार को आग लग गई। आग से पाली थाना क नकापुर गांव में सात घरों की गृहस्थी का सामान जल गया। जबकि पचदेवरा थाना क्षेत्र के चक गांव में आग से भैंस जिंदा जल गई और बच्ची झुलस गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पाली थाना क्षेत्र के कनकापुर निवासी बृजमोहन के घर के बाहर पड़े छप्पर में मंगलवार को आग लग गई। आग की लपटें उठती देख परिजनों ने शोर मचाकर मदद के लिए लोगों को बुलाया। बृजमोहन ने ग्रामीणों क ी मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हवा के कारण आग की लपटों ने आस-पास के घरों को भी चपेट में ले लिया।
जब तक आग पर काबू पाया जाता छप्पर के नीचे बंधी ब्रजमोहन की भैंस जिंदा जल गई। ग्रामीणों ने फायर स्टेशन को सूचना दी थी। करीब एक घंटे बाद दमकल कर्मी पहुंचे। तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। जबकि रामवरन, अरविंद, हरिशरन, हरिनाम, उमाशंकर, रामजयपाल, सुनील और राम बरन के घर की गृहस्थी का सामान जल गया।
उधर, पचदेवरा थाना क्षेत्र के चकगांव निवासी शिवराम सोमवार शाम खेत पर गेहूं की फसल काटने गए थे। इसी दौरान घर में छप्पर के नीचे रखा दीपक पलट गया। जिससे छप्पर में आग लग गई। परिजनों ने शोर मचाकर मदद के लिए ग्रामीणों को बुलाया।
मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान आग की चपेट में आकर शिवराम की बेटी शबनम झुलस गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग लगने की सूचना पर हल्का लेखपाल ने गांव पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार की शाम को जमलापुर गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन घर जल गए। इस घटना में एक गाय झुलसकर मरणासन्न हो गई है।
शाम को सालिगराम के घर पर अचानक आग लग गई। उस समय परिवार के लोग अपने खेतों पर थे। आग ने पड़ोस के विश्वेशवर और प्रमोद के घर को भी चपेट में ले लिया। इसी बीच प्रमोद के दरवाजे पर पड़ा छप्पर दुधारू गाय के ऊपर आकर आ गिरा। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। राजस्व निरीक्षक अनिल त्रिपाठी ने मौके पर जाकर अग्निकांड से हुई क्षति का आंकलन किया।
पाली थाना क्षेत्र के बेगराजपुर के पास खलियान में अचानक आग लग गई। जिसमें करीब 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची दमकल गाड़ी ने एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। पाली कस्बे के मोहल्ला बेनीगंज निवासी नत्थू पाठक का गर्रा नदी के पार बेगराजपुर के पास खेत है। मंगलवार की दोपहर खलियान में अचानक आग लग गई। हवा के साथ निकली चिंगारी से नत्थू के खेत में गिर गई । जिससे उसकी करीब 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने मसक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हरियावां थाना क्षेत्र के वाडीपुरवा गांव में देर शाम आग लगने से तीन घरों की गृह्स्थी जलकर राख हो गई।ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे में बाद आग पर काबू पाया ।
वाडीपुरवा निवासी वेदप्रताप पुत्र विश्राम के घर अचानक आग लग गई।
जिससे दो ड्रम डीजल व 50 हजार का सामान जलकर राख हो गया।हवा के साथ आग ने बिकराल रूप धारण कर लिया ।इसके बाद आग की चपेट में आकर रामप्रसाद की करीब 15 हजार की गृहस्थी जल गई।इसी तरह आग ने राजाराम के घर को आगोश में लिया।उसकी घरेलू सामान व अनाज जल गया।ग्रामीणों की सूचना के करीब 45 मिनट बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मसक्कत के बाद आग पर काबू पाया।पुलिस ने आग लगने की सूचना लेखपाल को दी है।