हरदोई में पकड़े गए आरोपियों के साथ पुलिस टीम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
बेहटागोकुल (हरदोई)। अरुणांचल प्रदेश में बिक्री के लिए बनी शराब की 25 पेटियां पुलिस ने हरदोई शाहजहांपुर मार्ग पर एक कार से बरामद की हैं। मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो लोग फरार हो गए।
सर्विलांस सेल के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह को रविवार तड़के सूचना मिली कि एक कार में अरुणांचल में बिक्री के लिए बनी शराब को आसपास के जनपदों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। इस पर प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बेहटागोकुल पुलिस से संपर्क किया। टीम को लेकर बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर के निकट स्थित नहरपुल पर पहुंच गए।
शाहजहांपुर की ओर से आ रही कार को पुलिस टीम ने रोका और जांच शुरू की। सर्विलांस टीम के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि कार में अंग्रेजी शराब की 25 पेटी थीं। इन पेटियों में 2800 पौव्वे रखे थे। उन्होंने बताया कि हरियाणा से ये शराब अरुणांचल प्रदेश में भेजी गई थी, लेकिन रास्ते से ही तस्करों ने इनमें से कुछ पेटियां पार कर आसपास के जनपदों में खपाने के लिए निकाल दीं। कार आलोक मिश्रा पुत्र अनिल मिश्रा निवासी ग्राम नेरी थाना महोली जनपद सीतापुर की है। उसे गिरफ्तार भी किया गया है।
इसके अलावा मोहम्मद आरिफ पुत्र इशहाक निवासी गुड़िया बिलहरा थाना बिलसंडा जनपद पीलीभीत, सिकंदर अहमद पुत्र मैनुद्दीन निवासी ग्राम नेरी थाना महोली जनपद सीतापुर, अमित मिश्रा पुत्र राकेश मिश्रा निवासी शिवाला मंदिर थाना मैगलगंज लखीमपुर खीरी, विकास गुप्ता पुत्र राम प्रकाश गुप्ता निवासी चौराई थाना बिधनू जनपद कानपुर नगर को भी गिरफ्तार किया गया है। सुशील अवस्थी पुत्र राम अवस्थी निवासी सदरपुर थाना मैगलगंज और राजेश सिंह निवासी ग्राम लखपेड़वा थाना मोहम्मदी जनपद लखीमपुर फरार हो गए। मामले की रिपोर्ट सर्विलांस टीम के प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बेहटागोकुल थाने में दर्ज कराई है। बेहटागोकुल के प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि आरोपियों को जेल भेजा गया है।