बिलग्राम/हरपालपुर। कटरी क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर लगी आग में 24 गृहस्थी जलकर राख हो गईं। एक भैंस, एक पड़रा व दो बकरी जलकर मर गईं। इन घटनाओं में करीब छह लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौधिपुरवा छिबरामऊ के इस क्षेत्र में गरीब लोग छप्पर डालकर रह रहे हैं। जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम किशोर के छप्पर में आग लग गई। हवा के साथ आग ने आसपास के सभी छप्परों को चपेट में ले लिया।
आग से राजाराम, रामदीन, सोनेलाल, साहेब, गोकरन, हरीशचंद्र, राधेश्याम, मदन, रामकुमार, रामलखन, सीताराम,हरीराम, रामासरे सहित 17 लोगों की गृहस्थियां चल गईं। किशोर की भैंस व पड़वा जल कर मर गँए। सूचना के बाद भी दमकल मौके पर नहीं पहुंची। तहसीलदार नंद प्रकाश मौर्या ने बताया कि लेखपाल को मौके पर सर्वे के लिए भेजा गया है।
नुकसानी का आकलन किया जा रहा है। उधर, नेहालपुरवा में देशराज,रामसच्चे,सतेंद, प्रमोद, संतोष के घरों में आग लग गई। दोनों घटनाओं में करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हरपालपुर प्रतिनिधि के अनुसार अरवल थाना क्षेत्र के दयालपुरवा गांव निवासी गिरीश चंद्र व जदुनाथ के घरों में लगी आग से गृहस्थी का सामान व चार हजार रुपये की नगदी जल गई। दोनों घरों में दो बकरी भी जल गईं। इस घटना में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ।
किशोर के यहां आज आनी थी बारात
बिलग्राम। आसपास के लोगों ने बताया कि रविवार को ही किशोर की बेटी की बारात आनी थी। आग से सब कुछ जलकर स्वाहा हो गया। माथा पकड़ कर बैठे किशोर को लोग दिलासा देने में लगे रहे।