संडीला। संडीला और सांडी में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संडीला में कुल 23 जोड़ों के विवाह संपन्न कराए गए। यहां विधायक राजकुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सांडी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सांडी में 11 जोड़ों के विवाह संपन्न कराए गए।
संडीला में मैरिज लॉन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि सरकार हर वर्ग की चिंता करती है और उनके सुख दुख का ध्यान रखती है। गरीब कन्याओं की शादी अच्छे ढंग से हो सके, इसके लिए सरकार के निर्देश पर ब्लॉक स्तर पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
यहां 22 जोड़ों का हिंदू रीति रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया। एक जोड़े का निकाह पढ़वाया गया। विधायक व ब्लॉक प्रमुख कुंवर वीरेंद्र सिंह समेत अधिकारियों ने नव दंपतियों को आशीर्वाद दिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से नव दंपतियों को उपहार भेंट किए गए। यहां बीडीओ सुधीर कुमार, आशीष अग्रवाल, बीइओ मनोज कुमार पटेल, अब्दुल वली, एडीओ समाज कल्याण भरावन खुशबू भारती, एपीओ आलोक अस्थाना, अनुराधा मिश्रा, अजीत प्रताप सिंह, मनोज द्विवेदी व एडीओ समाज कल्याण प्रेम चंद्र आदि मौजूद रहे।
सांडी ब्लॉक में आयोजित समारोह में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने कहा कि सामूहिक व दहेज रहित विवाह समाज को एक सूत्र में पिरोने में सहायक सिद्ध होंगे। सरकार का प्रयास है कि हर बेटी का विवाह पूरे सम्मान और रीति रिवाज के साथ हो, इसी लिए इस योजना का संचालन किया जा रहा है।
यहां 11 जोड़ों के विवाह संपन्न कराए गए। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पीके वर्मा, बीडीओ रोहिताश कुमार, रजनीश त्रिपाठी, जगमोहन सिंह राजपूत, थानाध्यक्ष अनिल सक्सेना, जगन्नाथ राजपूत, अनिल राजपूत, समाज कल्याण अधिकारी मुन्नूलाल बाबू आदि मौजूद रहे।
संडीला में आयोजित समारोह में वर वधू को उपहार देते विधायक राजकुमार अग्रवाल। संवाद- फोटो : HARDOI