हरदोई। जिले में 24 घंटे में 22.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मगर शहर में कई स्थानों पर जल भराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
मंगलवार को पूरे दिन उमस के बाद रात में बारिश शुरू हुई, जो रुक- रुक कर बुधवार को पूरे दिन होती रही। बारिश होने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। वेधशाला में मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे से बुधवार साढ़े पांच बजे तक 22.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो मंगलवार से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो मंगलवार से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। सुबह आर्द्रता 98 और शाम को 97 प्रतिशत रिकार्ड की गई। वेधशाला प्रभारी आरसी वर्मा के अनुसार बादल छाए रहेंगे, बारिश होने की संभावना है।