हरदोई। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में देश के गृह मंत्री अमित शाह की लखनऊ में होने वाली रैली में जिले से करीब 22 हजार भाजपाइयों को ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसको लेकर मंगलवार को लखनऊ में हुई बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं।
भाजपा ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में प्रदेश में अलग-अलग महानगरों में रैलियां आयोजित करने का निर्णय लिया है। अवध क्षेत्र के जनपदों की रैली लखनऊ में 21 जनवरी को होगी और इसमें गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। रैली में भीड़ जुटाने के लिए भी कवायद तेजी से शुरू हो गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को लखनऊ में अवध क्षेत्र के कार्यालय में तैयारियों को लेकर बैठक हुई। स्थानीय स्तर पर बनाई गई रूपरेखा के मुताबिक संडीला विधानसभा क्षेत्र से पांच हजार लोगों को लखनऊ रैली में ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। बालामऊ, हरदोई सदर और बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र से तीन-तीन हजार लोगों को रैली में ले जाया जाएगा। इसके अलावा गोपामऊ, सांडी, शाहाबाद और सवायजपुर विधानसभा क्षेत्रों से दो-दो हजार लोगों को लखनऊ ले जाया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष का दावा है कि लक्ष्य से अधिक लोग हरदोई से रैली में शामिल होंगे।