हरदोई। शारदीय नवरात्र पर्व का गुरुवार को मां भवानी की आराधना के साथ समापन हो गया। जिले भर में भंडारों का आयोजन हुआ व पुरोहितों ने हवन पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया। लगातार उपवास रखने वालों ने हलुआ पूड़ी और मिष्ठानों का मां को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प पूरा किया।
शारदीय नवरात्र उत्सव के दौरान जिले भर में भक्तिमय माहौल रहा और इस दौरान कई स्थानों पर जागरण आदि कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। हजारों लोगों ने पूरे उपवास रखकर मां की आराधना की और मां भवानी की पूजा अर्चना कर उपवास का संकल्प पूरा किया। मां की आराधना करने सर्व कल्याण होता है और दीन दुखियों के कष्ट दूर हो जाते हैं। नवरात्र का समापन होने के अवसर पर घरों व मंदिरों में भंडारों का आयोजन हुआ। इसी क्रम में मां श्रवण देवी मंदिर परिसर, नुमाइश चौराहा स्थित मंदिर, राम जानकी मंदिर व अन्य मंदिरों पर भंडारों का आयोजन हुआ।
नघेटा रोड पर श्री दुर्गा पूजा आयोजन समिति के तत्वावधान में बुधवार की रात भजन संध्या का आयोजन किया गया। जगराते की शुरुआत होते ही पूरा भवन माता के जयकारों से गूंज उठा। मां के भजनों पर हर श्रद्धालु झूमता व गाता नजर आया। गायक कलाकारों ने महामाई का गुणगान प्रारंभ हुआ। कलाकारों ने गुरु वंदना प्रथम गुरु जी की वंदना फिर मां को शीष नवाऊं ...राधे राधे बोलो चले आएंगे बिहारी..., जगने की रात है या जगाने की रात है आदि भजनों से मंत्रमुग्ध कर दिया। आजा मां, आजा मां, सज धज कर बैठी मां आदि से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। गुरुवार को 151 कन्याओं को भोज कराया गया। इसके अलावा टीचर्स गाट टैलेंट प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ जिसमें छात्र छात्राओं ने सिंगिंग, कविता, हास्य व्यंग्य, कुकिंग आदि के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अंशुल वर्मा, त्रिलोकी सिंह गौर, शिवशंकर पांडे प्रधानाचार्या कीर्ति सिंह, उप प्रधानाचार्या कनुप्रिया सिंह सहित काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मोहल्ला ऊंचाथोक में सजाए गए मां के पंडाल में गुरुवार की सुबह कन्याओं को पहले भोज कराया गया उसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ। इस मौके पर श्री मां दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष मदन गुप्ता सहित काफी संख्या में समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।
अग्रवाल धर्मशाला में श्री श्री सार्वजनीन दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में नवमी पूजा का आयोजन हुआ। इसके बाद कन्याभोज कराया गया। पदाधिकारियों ने विधि विधान से मां का पूजन अर्चन किया। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं को पौधे बांटे गए। इस मौके पर अध्यक्ष डॉ. एमएन सरकार, डॉ. संदीप सर्वाधिकारी, मुकेश डे, संदीप सरकार, नितीश मुखर्जी, स्वपन दास गुप्ता आदि मौजूद रहे। त्रिनेत्र फाउंडेशन समिति के तत्वावधान में भी पंजाबी कालोनी स्थित दुर्गा पंडाल में पूजन के बाद कन्याभोज का आयोजन किया गया।
-मंदिरों और घरों में हुए भंडारे, हवन-पूजन, उपवास रखने वालों ने संकल्प पूरा किया
अमर उजाला ब्यूरो