भरावन। घेरवा के पूर्व प्रधान के खिलाफ परचून की दुकान से पेट्रोल और डीजल की बिक्री किए जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बीती 22 अक्तूबर को पूर्व प्रधान की परचून की दुकान में छापा मारा गया था और तब यहां से 210 लीटर डीजल व पांच लीटर पेट्रोल बरामद हुआ था। हालांकि आठ दिन बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज होने से चर्चाओं का दौर तेज है।
घेरवा के पूर्व प्रधान पच्चा की परचून की दुकान लालपुर बंजरा के पास है। उनकी परचून की दुकान पर डीजल और पेट्रोल की बिक्री किए जाने की शिकायत बीती 22 अक्तूबर को गांव के ही नीरज, सुनील, गिरजाशंकर आदि ने एसडीएम से की थी। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस टीम ने 22 अक्तूबर को ही अतरौली भटपुर रोड पर लालपुर बंजरा में पच्चा की किराना की दुकान पर छापा डाला था। यहां से 210 लीटर डीजल और पांच लीटर पेट्रोल के साथ ही तेल मापने के उपकरण भी बरामद हुए थे। तब से मामला शांत था। शनिवार को मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।