हरदोई। कोई भूखा न रहे, ये उद्देश्य लेकर उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सामुदायिक रसोई के लिए 21 हजार का चेक सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा है।
कलक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव से अध्यक्ष चंद्र मोहन पांडे ने कहा कि भविष्य में भी सहयोग को उनका संगठन आगे रहेगा। इस मौके पर बीएसए हेमंत राव, वित्त लेखाधिकारी योगेश कुमार पांडे, उमेश चंद्र, गीता वर्मा आदि मौजूद रहे। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय अभिभावक कल्याण समिति ने प्रशासन की ओर से संचालित सामुदायिक रसोई में 50 किलो आटा, 30 किलो चावल, 30 किलो आलू, पांच लीटर सरसों का तेल, पांच लीटर रिफाइंड तेल, पांच किलो नमक व पांच किलो प्याज सहित अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री सहायता कोष में 3100 रुपये और पीएम केयर में 5100 रुपये का सहयोग किया है। ये जानकारी केंद्रीय विद्यालय अभिभावक कल्याण समिति के अध्यक्ष भगवान शंकर दीक्षित और कोषाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने दी।