भरखनी और पचदेवरा क्षेत्र के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर है। भरखनी से पुरबिया कला (शाहजहांपुर सीमा) तक दस किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव शासन ने मंजूर कर लिया है। 21 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शासन ने इसके लिए दो करोड़ रुपये भी अवमुक्त कर दिए हैं।
पचदेवरा-रामापुर छैया वाया सहजनपुर मार्ग को आम बोलचाल की भाषा में भरखनी से पुरबिया कला मार्ग कहा जाता है। अभी यह मार्ग सिंगल लेन का है। क्षेत्रीय लोग लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग करते रहे हैं।
इलाकाई लोगों के हितों को देखते हुए सवायजपुर के विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रस्ताव भेजकर इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग की थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन ने इस मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। 21 करोड़ सात लाख 22 हजार रुपये की लागत से दस किलोमीटर लंबे मार्ग पर काम कराया जाएगा। तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू कराने के उद्देश्य से शासन ने दो करोड़ रुपये भी अवमुक्त कर दिए हैं।
शासन ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को जारी निर्देशों में स्पष्ट कहा है कि शासनादेश जारी होने के 15 माह के अंदर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए।
प्रस्ताव स्वीकृत होने और बजट जारी हो जाने से जुड़ा शासनादेश शुक्रवार यानी 12 फरवरी को जारी हुआ है। इस लिहाज से देखा जाए तो मई 2022 तक उक्त कार्य पूरा कराया जाना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू की मुराद चार माह में ही पूरी कर दी। दरअसल 25 सितंबर 2020 को मुख्यमंत्री ने लखनऊ मंडल के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से जिलेवार बैठक की थी। इसी बैठक के दौरान विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराने की मांग मुख्यमंत्री से की थी।
मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव बनाए जाने से पहले लोक निर्माण विभाग के खंड एक के अभियंताओं ने आवागमन करने वालों का सर्वे कराया था। इस सर्वे के मुताबिक हर रोज इस मार्ग से 6585 लोग आवागमन करते हैं। 295 भारी वाहनों का आवागमन भी हर रोज इस मार्ग से होता है।
सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने मार्ग के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण का प्रस्ताव मंजूर किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग की दशा सुधरने से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी और इलाके के लोग शाहजहांपुर जनपद से सीधे जुड़ जाएंगे।